सदर अस्पताल बक्सर और आरा में रक्तवीरों को मिला सम्मान बक्सर खबर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को सदर अस्पताल में रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक संस्था ब्लड बक्सर के सदस्यों और रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। समारोह में रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने वाले रक्तवीरों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। सदर अस्पताल बक्सर में ब्लड बक्सर के कुल 26 रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया, जिनमें दो महिला रक्तदाता भी शामिल रहीं।
वहीं, आरा सदर अस्पताल में भी ब्लड बक्सर के पांच सक्रिय रक्तदाता सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस प्रकार दोनों स्थानों पर संस्था के कुल 31 रक्तदाताओं को सम्मान मिला। ब्लड बक्सर के संस्थापक-संचालक प्रियेश ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और रक्तदाताओं की बदौलत जरूरतमंदों को समय पर जीवनदान मिल पाता है। समारोह में रक्तवीर नसीम नायक, कुमार गौरव, आदिल खान, प्रभा रंजन, साहिल अंसारी, अजीत गुप्ता, रविशंकर शर्मा, नेहा केजरीवाल, निधि केजरीवाल, सोनू गुप्ता, अंकित जायसवाल, राजा बाबू, राकेश कुमार, सुजीत गुप्ता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।































































































