बनारस की तर्ज पर होगा बक्सर का विकास, केंद्रीय कारा परिसर से मंदिर को अलग कराने के संकल्प को दोहराया बक्सर खबर। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अपने दो दिवसीय बक्सर दौरे के दौरान शुक्रवार सुबह भगवान वामन मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। शिक्षा मंत्री बनने के बाद उनका यह पहला मंदिर दर्शन था। भगवान वामन चेतना मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रख्यात कथावाचक प्रेमाचार्य पीताम्बर जी महाराज तथा सुनील शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। भगवान वामन चेतना मंच की ओर से मंदिर परिसर में विशेष पूजा की व्यवस्था की गई थी। मंदिर पहुंचने पर मंच के पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री का भव्य स्वागत किया। उन्हें भगवान वामन का स्मृति-चिह्न और पट्टा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
इससे पहले नगर भवन में आयोजित जिला शिक्षक संघ के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी भगवान वामन मंदिर पहुंचकर पूजा कर चुके हैं। उन्होंने मंदिर को केंद्रीय कारा परिसर से अलग कराने का संकल्प लिया था। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बनारस में जिस प्रकार विकास कार्य हुए हैं, उसी तर्ज पर बक्सर के विकास की योजना बनाई जाएगी। मौके पर भगवान वामन चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी, उपाध्यक्ष प्रकाश पांडेय, प्रमोद कुमार चौबे, अभिषेक ओझा, धनंजय मिश्रा, सरोज तिवारी, आशुतोष मिश्रा, अखिलेश पांडेय, प्रियव्रत पांडेय, नागेश दत्त पांडेय, डॉ श्रवण तिवारी समेत अन्य श्रद्धालु और मंच के सदस्य उपस्थित रहे।
































































































