-विदेशी नंबर का किया गया है इस्तेमाल, साइबर थाने ने शुरू की जांच
बक्सर खबर। जिला सत्र न्यायाधीश (प्रधान न्यायाधीश) के नाम से व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर साइबर ठगों ने सबको चौंका दिया है। उनके नाम से कुछ लोगों को संदेश भेज ठगी का प्रयास भी किया गया। यह मामला जब उनके संज्ञान में आया तो इसकी प्राथमिकी आज बुधवार को साइबर थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस रिकार्ड के अनुसार ठगों ने उनकी तस्वीर व नाम का गलत इस्तेमाल किया है। मामला बहुत ही संगीन है, इस वजह से साइबर थाने ने तत्काल इसकी प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन, पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि, जिस नंबर का प्रयोग किया गया है।
उसका कंट्री कोड 66 है। जो बैंकाक का है। अब वहां तक पहुंचना जिले के साइबर थाने के लिए संभव नहीं। लेकिन, उनकी तस्वीर और नाम के अलावा स्थानीय अधिवक्ताओं के नाम और नंबर पर संदेश भेजने वाली बात सबको हतप्रभ कर रही है। क्योंकि जिन नंबरों तक उनके संदेश गए हैं। वह विदेशी ठगों को कैसे प्राप्त हुए। ऐसा तभी संभव हो सकता है। जब किसी स्थानीय व्यक्ति का व्हाट्सएप हैक कर किसी ने महत्वपूर्ण नंबर एकत्र किए हों। इस संबंध में पूछने पर साइबर थानाध्यक्ष सह एसडीपीओ अविनाश कुमार ने कहा, प्राथमिकी आज ही दर्ज हुई है। इसकी गंभीरता से जांच हो रही है।

































































































