गैस सिलिंडर की बढ़ती कीमतों पर जन सुराज के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने केंद्र सरकार को घेरा बक्सर खबर। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शहर के यमुना चौक पर जन सुराज पार्टी की जिला इकाई द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने दैनिक वेतनभोगी मजदूरों को अंगवस्त्र, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने मजदूरों के योगदान को सराहते हुए प्रशासन से यमुना चौक का नाम बदलकर ‘श्रमिक चौक’ रखने की मांग की। साथ ही श्रमिकों के विश्राम के लिए एक विश्रामालय बनाने की आवश्यकता भी जताई, ताकि समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले मजदूरों को उचित सम्मान मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान बजरंगी मिश्रा ने रसोई गैस की कीमतों में हुई वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 5 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर पर 261 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 993 रुपये की बढ़ोतरी मजदूर वर्ग पर अतिरिक्त बोझ है। उनका आरोप था कि सरकार की नीतियां गरीब और मजदूर वर्ग की अनदेखी कर कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाली हैं। सम्मान समारोह के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मजदूरों के साथ पैदल मार्च निकाला। इस दौरान ‘मजदूर एकता जिंदाबाद’ के नारों के बीच भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता धनजी पांडेय, आशा देवी, अजीत सम्राट, अनुराग हर्षवर्धन, विजय पाठक, विष्णु दत्त तिवारी, डॉ. जयशंकर सिंह, विजय आनंद वर्मा, बनारसी बिहारी, राजीव शर्मा, नीरज सिंह, आनंद मिश्रा, प्रभात कुमार, दीपक राय, प्रेम राय, अमरेंद्र मिश्रा, सुभाष पासवान, श्रीमन राय सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।




























































































