विधान परिषद उप-चुनाव को लेकर डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

0
57

सभी प्रखंडों में 12 मई को होगा मतदान, 14 मई को आरा में होगी मतगणना                                                    बक्सर खबर। बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र 06-भोजपुर-सह-बक्सर उप निर्वाचन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला ने की। बैठक में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान केंद्रों तथा मतदाताओं से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि उप निर्वाचन के लिए 12 मई को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। जिले के सभी 11 प्रखंडों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 2303 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1083 पुरुष एवं 1220 महिला मतदाता शामिल हैं।

उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को मतदाताओं की सूची एवं मतदान केंद्रों का विवरण उपलब्ध कराते हुए अनुरोध किया कि अपने-अपने स्तर से मतदाताओं को मतदान केंद्र की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक संख्या में वैध मतदान सुनिश्चित हो सके। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा मतदान के समय आवश्यक दस्तावेजों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बताया कि मतदाता फोटो पहचान पत्र अथवा किसी अन्य फोटोयुक्त वैध दस्तावेज के आधार पर मतदान कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि मतगणना का कार्य 14 मई को राजकीय कन्या +2 उच्च विद्यालय, आरा में संपन्न कराया जाएगा। निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here