बक्सर खबर : दानापुर- मुगलसराय रेलखंड के डुमरांव स्टेशन पर बुधवार को 509 अप पैसेंजर ट्रेन चटकी पटरी से गुजर गई। ट्रेन गुजरने के बाद पोर्टर ने सुबह 8.45 में अप लाईन में पूर्वी गुमटी से पचास मीटर पहले रेल फै्रक्चर होने की सूचना स्टेशन प्रबंधक को दी। सूचना मिलते ही रेल कर्मियों में अफरा- तफरी मच गई। स्टेशन प्रबंधक अविनाश चंद्रा ने तत्काल इसकी सूचना दानापुर कंट्रोल को दी। कंट्रोल द्वारा तत्काल मरम्मत दल को डुमरांव भेजा गया। आवागमन बाधित न हो इसका भी खयाल रखा गया।
अप लाईन की ट्रेनों का परिचालन लूप लाईन से करने का निर्देश दिया। अप में गरीब रथ एक्सपे्रस, आसनसोल आनंदबिहार सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन व सिकंदराबाद एक्सपे्रस को लूप लाईन से निकाला गया। रेल कर्मियों द्वारा टूटी पटरी की मरम्मत कर क्लैप लगा दिया गया। लेकिन एहतियात के तौर पर सभी ट्रेनों को कासन देकर चला गया। जिससे किसी तरह की अप्रिय वारदात नहीं हो सके।
































































































