खेतिहर मजदूर बनने को मजबूर हैं छोटे किसान, दिल्ली मार्च को सफल बनाने का आह्वान बक्सर खबर। ब्रह्मपुर प्रखंड के भरखर गांव में गुरुवार को किसान सभा का सातवां जिला सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी रही, जहां किसानों की वर्तमान स्थिति, समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसान हमेशा देशहित में कार्य करते आए हैं, लेकिन सरकार द्वारा उनकी उपेक्षा की जा रही है। नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण बड़े किसान धीरे-धीरे छोटे किसान बनते जा रहे हैं और छोटे किसान खेतिहर मजदूर बनने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि अन्नदाता आज बदतर हालात और फटेहाल जीवन जीने को विवश है।
वक्ताओं ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा आयोजित दिल्ली मार्च को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान परमहंस सिंह, अरुण कुमार ओझा, धीरेंद्र चौधरी, सोनेलाल प्रसाद सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे। सम्मेलन के अंत में सर्वसम्मति से नई जिला कमेटी का गठन किया गया। इसमें कामाख्या नारायण सिंह को सचिव, मोतीलाल सिंह को अध्यक्ष, पारसनाथ सिंह को उपाध्यक्ष तथा शिव मूर्ति को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं सीता राम राम, रामाश्रय राम, हरे राम सिंह, लाल जी सिंह, रमाशंकर सिंह, श्री कृष्ण सिंह और राजन सिंह को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।

































































































