रमाशंकर सिंह व सुदर्शन यादव की टीमों के बीच रोचक मुकाबले ने रात भर बांधे रखा समां बक्सर खबर। पंचकोसी परिक्रमा मेला के तीसरे पड़ाव भभुअर गांव में दुगोला चैता मुकाबले का भव्य आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में रमाशंकर सिंह एवं सुदर्शन यादव की टीमों के बीच जोरदार मुकाबला हुआ, जिसने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व जिला पार्षद सह अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर किया। आयोजन बोक्सा पंचायत के मुखिया सुरेश यादव के मार्गदर्शन में दुग्ध व्यवसाई संघ द्वारा संपन्न कराया गया। अपने संबोधन में डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि चैता और दुगोला जैसी लोक परंपराएं हमारी ग्रामीण संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। ये केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य भी करती हैं। ऐसे आयोजनों से भाईचारा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूती मिलती है।
उन्होंने आधुनिक दौर में नई पीढ़ी के पारंपरिक संस्कृति से दूर होने पर चिंता जताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। चैता और दुगोला जैसे लोकगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखते हैं। कार्यक्रम के दौरान दोनों टीमों के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से समां बांध दिया। लोकगीतों की मधुर धुनों और प्रतिस्पर्धा के उत्साह ने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। कार्यक्रम को देखने और सुनने के लिए आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इस अवसर पर महदह पंचायत के मुखिया सुशील यादव, छात्र नेता तुषार विजेता, सुभाष यादव, ददन यादव, पूर्व जिला पार्षद बीरबल रजक, मुखिया पिंटू यादव, संजीव यादव, गोविंद यादव, बरमेश्वर चौहान, सुरेश पाल, अजीत शर्मा, शिवानंद यादव, हरिद्वार यादव, शिववचन यादव, किन्नू पांडेय, छोटक खरवार, मधुबन यादव, रामायण गोंड, प्रमोद यादव, तेजनारायण पाल, अधिवक्ता विनोद कुमार यादव, जितेंद्र यादव समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

































































































