रामलीला मंच से वीर कुंवर सिंह चौक तक लोगों ने निकाला मौन मार्च बक्सर खबर। बिलौटी निवासी भरत तिवारी की स्मृति में रविवार की शाम शहर में सर्वसमाज के बैनर तले कैंडल मार्च निकाला गया। रामलीला मंच से वीर कुंवर सिंह चौक तक निकले इस मौन मार्च में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता, शिक्षक, युवा और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग वाले बैनर लिए लोगों ने भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मार्च के दौरान उनके परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई। प्रतिभागियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके पूर्व रामलीला मंच पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। सभा में वक्ताओं ने भरत तिवारी प्रकरण की जांच सीबीआई से कराने की मांग उठाई। उनका कहना था कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच से ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने आत्मसमर्पण कर दिया था, तो उसके बाद हुई कथित हत्या कानून के शासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने इस मामले को संविधान, मानवाधिकार और न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा विषय बताया। सभा में यह भी मांग की गई कि जिन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज है, उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ स्पीड ट्रायल चलाकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग उठी। वक्ताओं ने पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा और हरसंभव प्रशासनिक सहयोग देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि न्याय में देरी, न्याय से वंचित करने के समान है और कानून पर जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि दी। साथ ही संकल्प लिया कि निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।सभा में डॉ. श्रवण तिवारी, नौशाद आलम, अधिवक्ता अनीश कुमार यादव, शशि बावला, अधिवक्ता मोनू कुमार, सादाब आलम, शिक्षक नेता शिवजी दुबे, इंद्रजीत चौबे, मृत्युंजय तिवारी, अभिषेक ओझा, रोहित उपाध्याय, राजकमल सिंह, अजय कुमार मिश्रा, अधिवक्ता राघव कुमार पांडेय, आशुतोष उपाध्याय, मुकुद सनातन, पंकज उपाध्याय, गणेश पांडेय, बिपुल चौबे, दयानंद उपाध्याय, सिद्धार्थ कुमार, निक्कू ओझा, अनिल चतुर्वेदी, मनोज चौबे, बसंत कुमार चौबे, आदिल खान, अमन अली, राघवेंद्र पंडित, दीपक कुमार, श्रीमन मिश्र, मुन्ना तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
































































































