अभिभावक–शिक्षक बैठक में दिखा बेहतर समन्वय का संदेश

0
42

इंजीनियरिंग कॉलेज में अभिभावकों ने जाना बच्चों की पढ़ाई, छात्रावास और सुविधाओं का हाल                                  बक्सर खबर। इटाढ़ी रोड स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में रविवार को अभिभावक–शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को मजबूत बनाने के साथ-साथ संस्थान, अभिभावकों और छात्रों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना था। कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित आपके बच्चे की प्रगति, हमारी साझा प्राथमिकता की भावना पूरे आयोजन के केंद्र में रही। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों और विभागाध्यक्षों से मुलाकात कर विद्यार्थियों की पढ़ाई, उपस्थिति, अनुशासन और समग्र विकास की जानकारी ली। अभिभावकों ने विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन और व्यक्तित्व विकास को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए। साथ ही उन्होंने बच्चों की पढ़ाई और संस्थान की व्यवस्थाओं से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका शिक्षकों ने संतोषजनक जवाब दिया।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने महाविद्यालय परिसर और छात्रावास का भ्रमण भी किया। उन्होंने देखा कि उनके बच्चे किस वातावरण में पढ़ाई करते हैं तथा उन्हें भोजन और अन्य सुविधाएं किस प्रकार उपलब्ध कराई जा रही हैं। संस्थान की शैक्षणिक और आधारभूत व्यवस्थाओं को देखकर अभिभावकों ने संतोष जताया। संस्थान के प्राचार्य डॉ. रामनरेश राय ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों और शिक्षकों की संयुक्त भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठकें छात्रों की प्रगति को सही दिशा देने के साथ संस्थान और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करती हैं। कार्यक्रम का संचालन सह प्राध्यापक सह डीन एकेडमिक डॉ. श्याम लाल के दिशा-निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, सहायक प्राध्यापक और अन्य कर्मी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here