वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वरी नारायण राय के निधन से अधिवक्ताओं में शोक

0
93

जिला अधिवक्ता संघ ने जताया गहरा दुख, व्यवहार न्यायालय में सोमवार को रहेगा नो वर्क                                             बक्सर खबर। जिला अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ एवं मिलनसार सदस्य ईश्वरी नारायण राय के आकस्मिक निधन से विधिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके सम्मान में सोमवार को व्यवहार न्यायालय के सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से पूरी तरह अलग रहेंगे। संघ ने सर्वसम्मति से ‘नो वर्क’ का निर्णय लिया है। जिला अधिवक्ता संघ के सचिव बिंदेश्वरी पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वरी नारायण राय के निधन से अधिवक्ताओं में भारी दुख है। उन्होंने कहा कि ईश्वरी बाबू न केवल कानून के अच्छे जानकार थे, बल्कि एक मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उनका जाना अधिवक्ता संघ के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

स्व. ईश्वरी नारायण राय का निधन 07 मई की रात्रि 10 बजे हुआ। वह 1989 से वकालत के पेशे में सक्रिय थे। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के मलसा कला (जमानिया) निवासी श्री राय वर्तमान में शहर के विश्वामित्र कॉलोनी, बांध रोड में रह रहे थे। वे अपने पीछे पत्नी मंजू राय, एक विवाहित पुत्र और एक विवाहित पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। सोमवार को अधिवक्ता संघ भवन में एक शोक सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा जाएगा। सचिव पप्पू पांडेय ने सभी सहयोगियों से अपील की है कि वे इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए न्यायिक कार्यों से विरत रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here