24 मई को किला मैदान में होगा बड़ा आयोजन, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ होंगे मुख्य अतिथि बक्सर खबर। आगामी 24 मई को स्थानीय किला मैदान में आयोजित होने वाले सैनिक समागम समारोह की तैयारी को लेकर रविवार को शहर के बाईपास रोड स्थित आईईएसएम कार्यालय में पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन डॉ. मेजर पीके पाण्डेय एवं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया। बैठक में जिले समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 200 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 24 मई को होने वाले सैनिक समागम समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाना रहा। समारोह के मुख्य अतिथि रक्षा राज्य मंत्री भारत सरकार संजय सेठ होंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4:45 बजे तक चलेगा।
बैठक में बताया गया कि समारोह में पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की समस्याओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी। साथ ही सीजीडीए और पीसीडीए की ओर से पेंशन अदालत भी लगाई जाएगी, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे और सैनिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे। चेयरमैन डॉ. मेजर पीके पाण्डेय ने कहा कि समारोह को सफल बनाने के लिए सभी पूर्व सैनिक युद्ध स्तर पर तैयारी में जुटेंगे। उन्होंने समाजसेवियों से भी समारोह में भाग लेने की अपील की। जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि सैनिक हित में कार्य कर रहे सभी संगठन समारोह में आमंत्रित हैं और सभी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने कहा कि आईईएसएम का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं की हर समस्या का समाधान करना है।
उन्होंने बताया कि इस समारोह में बिहार के अलावा पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश तथा देश के विभिन्न हिस्सों से भी पूर्व सैनिक भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि आईईएसएम अब तक अपने प्रयासों से पूर्व सैनिकों को लगभग 10 करोड़ रुपये पेंशन और एरियर के रूप में दिला चुका है, जो पूरी तरह निःशुल्क और निस्वार्थ सेवा का परिणाम है। बैठक के अंत में सभापति कैप्टन बीएन पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की। मौके पर लेफ्टिनेंट आरबी ओझा, कैप्टन श्रीनिवास सिंह, कैप्टन संजय पाठक, सूबेदार मेजर आरबी सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, कैप्टन कन्हैया पंडित, सूबेदार कमलेश्वर राय, नायक शशिभूषण ओझा सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं मौजूद रही।

































































































