पावर सब स्टेशन में भीषण आग, दो बड़े ट्रांसफार्मर जलकर खाक

0
801

शॉर्ट सर्किट से मचा हड़कंप, पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद                                                                         बक्सर खबर। राजपुर प्रखंड स्थित विद्युत पावर सब स्टेशन परिसर में रविवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और सब स्टेशन में लगे दो बड़े ट्रांसफार्मर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, जिससे आसपास के क्षेत्रों में बिजली संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:20 बजे सब स्टेशन परिसर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। देखते ही देखते चिंगारी ने आग का रूप ले लिया और ट्रांसफार्मर यार्ड में फैल गई। आग इतनी तेज थी कि परिसर में लगे 10 एमवीए और 5 एमवीए क्षमता वाले दोनों ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगे।

घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद लाइनमैन और ऑपरेटरों ने उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन ट्रांसफार्मरों में मौजूद तेल के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर सब स्टेशन परिसर के आसपास सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है तथा स्थानीय लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई है। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति फिलहाल पूरी तरह बंद कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here