खरवार समाज ने संकल्प सभा का किया आयोजन, जल-जंगल-जमीन बचाने की ली शपथ बक्सर खबर। सिमरी प्रखंड के दुलहपुर पंचायत स्थित सिमरी खैरा पट्टी में शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी वीर शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर खरवार का शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। युवा खरवार महासभा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में समाज के लोग जुटे और अपने पूर्वजों के मान-सम्मान व प्राकृतिक सौंदर्य को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया। शहादत दिवस के अवसर पर खरवार समाज द्वारा हर साल की भांति इस वर्ष भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। समाज के युवाओं ने दोनों सहोदर भाइयों की याद में आम के पौधे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति की पूजा और संरक्षण ही इन महान शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम के दौरान शहीदों के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि वीर नीलाम्बर-पीताम्बर का जन्म पलामू जिले के लातेहार में हुआ था। 1857 की लड़ाई में उन्होंने अंग्रेजों के छक्के छुड़ा दिए थे। दमनकारी अंग्रेजी हुकूमत ने 28 मार्च 1859 को उन्हें आम के पेड़ पर ही फांसी दे दी थी, ताकि आदिवासी समाज में डर पैदा हो, लेकिन उनके बलिदान ने आजादी की लौ को और तेज कर दिया।
युवा खरवार महासभा के जिला अध्यक्ष परमानंद खरवार एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना हमारा प्राथमिक कर्तव्य है। उन्होंने समाज के उत्थान और एकजुटता पर बल देते हुए भविष्य में भी इसी तरह संगठित रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड अध्यक्ष नारायण कुमार खरवार, महासचिव अरविन्द कुमार खरवार, जिला महासचिव शैलेश खरवार, मीडिया प्रभारी राजू कुमार खरवार, प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रखंड अध्यक्ष चक्की दिनेश खरवार, जितेंद्र खरवार, मिथलेश खरवार, राहुल खरवार, शिवजी खरवार, चंदन खरवार, आकाश खरवार, दिलीप खरवार, बिट्टू खरवार, अशोक खरवार, दीपक खरवार, नंदकुमार खरवार, सोनू कुमार खरवार, चुन्नू खरवार, अंकित खरवार, सूरज खरवार, विनय खरवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


































































































