त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक, कड़े निर्देश जारी

0
73

ईद, चैती छठ और रामनवमी शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील, सफाई, सुरक्षा और निगरानी पर विशेष जोर                                         बक्सर खबर। आगामी ईद-उल-फितर, चैती छठ एवं रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भी जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने सभी का स्वागत करते हुए मार्च माह में आयोजित होने वाले प्रमुख पर्वों की जानकारी दी और उनके शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने बताया कि 20 मार्च को अंतिम जुम्मे की नमाज और ईद की नमाज 20 या 21 मार्च को ईदगाहों एवं मस्जिदों में अदा की जाएगी। इसको देखते हुए नगर निकायों को निर्देश दिया गया है कि सभी ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास सफाई, पेयजल और रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

24 एवं 25 मार्च को मनाए जाने वाले चैती छठ के अवसर पर गंगा घाटों पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नगर परिषद को निर्देशित किया गया है कि घाटों की साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था बेहतर हो। व्रतियों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की जाए। गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित हो। 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस को लेकर प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। जुलूस के लिए अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेना होगा। केवल पूर्व निर्धारित मार्गों पर ही जुलूस निकाले जाएंगे। उत्तेजक नारे, भड़काऊ गीत और हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली झांकी या दृश्य पर रोक रहेगी। डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन द्वारा सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा नियंत्रण कक्ष स्थापित कर पूरे जिले में विधि-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी पर्वों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ मनाना ही प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी नागरिकों और समिति सदस्यों से सहयोग की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here