आए थे हिसाब लेने, गवां बैठे जान, छह माह पहले हुई थी शादी

0
1906

बक्सर खबर। जिंदगी कब किसका कहां साथ छोड़ दे, कोई नहीं जानता। यह बात आए दिन सच साबित होती है। सोमवार की शाम ऐसा ही भागलपुर के प्रियेश कुमार के साथ हुआ। वे तीन-चार दिन पहले बक्सर आए थे। यहां फ्यूजन माइक्रो फाइनांस कंपनी का ऑडिट करना था। लेकिन, शाखा प्रबंधक गणेश प्रसाद के कहने पर साथ हो लिए। शाम के समय वे दोनों बाइक से सिकरौल जा रहे थे। बड़ी नहर के रास्ते उनकी बाइक तेज गति से चली जा रही थी। इतने में एक सियार (भेडिय़ा की नस्ल का जंगली जानवर) बाइक के सामने आ गया। दोनों बाइक समेत उछल पड़े। संभवत: नहर के किनारे पेड़ से जा टकराए। मौके पर प्रियेश की मौत हो गई। गणेश प्रसाद बुरी तरह से घायल हो गए। दुर्घटना बड़का गांव के समीप हुई।

सिकरौल थाने को सूचना दी गई। घायल गणेश को तुरंत बक्सर पहुंचाया गया। वहां से सोमवार की रात ही उनको पटना रेफर कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार मृतक प्रियेश भागलपुर के रहने वाले थे। छह माह पहले ही उनकी शादी हुई थी। लेकिन, काल चक्र ने ऐसी लीला रची कि वे सिकरौल जा पहुंचे। वहीं दूसरे युवक गणेश प्रसाद (45) की हालत भी गंभीर बनी हुई है। वे आरा जिला अंतर्गत पीरो के निवासी हैं। सूत्रों ने बताया सोमवार का दिन फ्यूजन कंपनी के कर्मियों के लिए अच्छा नहीं था। इस कंपनी का दूसरा कर्मचारी सिकरौल की तरफ ग्रामीण समूह से फाइनांस की राशि लेने गया था। वह भी घायल हो गया। उसने सूचना दी मैं घायल हूं। आप लोग उक्त समूह से रुपये जमा कर लें। उसी काम के लिए गणेश निकले और उनके साथ प्रियेश भी निकल पड़े। इस कंपनी का कार्यालय समाहरणालय रोड में चलता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here