स्वयंसेवकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के पराक्रम और हिंदवी स्वराज की स्थापना को किया याद बक्सर खबर। शहर की विभिन्न आरएसएस शाखाओं में शनिवार को हिंदू साम्राज्य दिनोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक को स्मरण करते हुए उनके राष्ट्र एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया। बंगाली टोला स्थित पानी टंकी के समीप लगने वाली केशव प्रौढ़ व्यवसायी शाखा में जिला कार्यवाह चंदन प्रकाश ने विषय पर अपने विचार रखे। वहीं शिवपुरी स्थित आनंद उत्सव वाटिका में आयोजित जय हनुमंत तरुण व्यवसायी शाखा में नगर श्रमिक कार्य प्रमुख एवं विकास वर्ग (द्वितीय) प्रशिक्षित गौरव कुमार ने संबोधित किया। सिविल लाइन स्थित सामुदायिक भवन में माधव संयुक्त विद्यार्थी शाखा के कार्यक्रम में नगर कार्यवाह अभिजीत कुमार ने विषय पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के दिन छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ था। उन्होंने संघर्ष और पराक्रम के बल पर हिंदवी स्वराज की स्थापना की। उनके नेतृत्व ने समाज में आत्मविश्वास और संगठन की भावना को मजबूत किया। कार्यक्रम के दौरान शिवाजी महाराज के जीवन, उनके आदर्शों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वयंसेवकों से उनके आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान भी किया गया। इस अवसर पर अरविंद सिंह, विकास मिश्रा, विंध्यवासिनी मिश्रा, मोहन वर्मा, अवधेश पांडेय, राधेश्याम प्रजापति, मार्कण्डेय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, गुप्तेश्वर केशरी, अवनिंद्र कुमार, निशांत उपाध्याय, दिनेश उपाध्याय, सोनू वर्मा, संजय गुप्ता, रजनीकांत पांडेय, अविनाश कुमार, रामनारायण, देवेंद्र शर्मा सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।































































































