नागरपुर से चलकर पहुंच गए बक्सर

0
3016

-प्रशासन ने सभी को पहुंचाया कोरंटाइन सेंटर
बक्सर खबर। मजबूरी जो न कराए। शौक से तो इतनी दूर पैदल कोई आ नहीं सकता। सोमवार की दोपहर कुल छह लोग अंबेडकर चौक पहुंचे। उनकी हालत पस्त थी। मौके पर मौजूद पुलिस वालों से उन्होंने भोजन मांगा। क्योंकि वे बहुत ही भूखे और प्यासे थे। पुलिस वाले ने इसकी सूचना प्रशासन को दी। मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आया। सभी को स्वास्थ्य जांच के बाद कोरंटाइन केन्द्र भेजने का आदेश दिया गया। पूछने पर उन युवकों ने बताया हम लोग महाराष्ट्र के नागपुर से 14 अप्रैल को चले थे। तेरह दिन में 1400 किलोमीटर से अधिक की यात्रा पूरी करने के बाद वे लोग बक्सर पहुंचे हैं।

रास्ते में कहीं-कहीं मदद मिलती रही। कुछ गाड़ी वाले भी मिले। जिन्होंने कुछ दूरी तक का सफर करा दिया। जैसे-तैसे यहां तक पहुंचे हैं। उन सभी ने बताया हम लोग मोतिहारी के रहने वाले हैं। लेकिन, किसी के शरीर में इतना दम नहीं था कि अब आगे जा सके। मजबूर होकर उन्होंने स्वयं के लिए राहत मांगी। जहां से उन्हें कोरंटाइन सेंटर भेजा गया। 13 दिन तक लगातार चलने वाले लोगों को अगर कोई पड़ाव न मिलता तो न जाने क्या होता। उन्हें भी यह सुकून है, चलो कम से कम बिहार तो पहुंच गए। प्रशासन के अधिकारियों को जब फुर्सत मिलेगी। तो उन्हें भी अपने शहर गांव भेजने का कुछ इंतजाम जरुर किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here