शेरशाह सूरी के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प, जनकल्याणकारी नीतियों को बताया आज भी प्रासंगिक बक्सर खबर। शेरशाह सूरी जनकल्याण संस्थान के बैनर तले सम्राट शेरशाह सूरी का 487वां विजय दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव ने की। इस अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर विजय दिवस की शुभकामनाएं दीं। सभी ने सम्राट शेरशाह सूरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि सम्राट शेरशाह सूरी केवल महान विजेता ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी शासक और कुशल प्रशासक भी थे। उन्होंने राजस्व व्यवस्था, भूमि माप, न्याय व्यवस्था, सड़क निर्माण, डाक एवं संचार व्यवस्था तथा यात्रियों के लिए सरायों की स्थापना जैसे ऐतिहासिक कार्य किए।
उन्होंने कहा कि आज के शासकों और जनप्रतिनिधियों को शेरशाह सूरी की जनहितकारी नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और विकासवादी सोच से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। सुशासन, ईमानदारी और जनसेवा ही किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होती है। कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, काशीनाथ गुप्ता, भोला गोंड, श्रीभगवान खरवार, सुनील कुमार यादव, रामलखन पाल, बड़क यादव, जितेंद्र यादव, सुरेंद्र सिंह एवं सुनील कुमार गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।































































































