रामरेखा घाट पर रविवार को मनेगा गंगा आरती का स्थापना दिवस

0
122

मामाजी महाराज के आशीर्वाद से शुरू हुई संगीतमय आरती से जगमगाएगा पावन तट                              बक्सर खबर। नगर के पौराणिक रामरेखा घाट पर पिछले 21 वर्षों से निरंतर चल रही दैनिक गंगा आरती की परंपरा रविवार को अपने 22वें वर्ष में प्रवेश करेगी। इस अवसर पर श्री गंगा आरती सेवा ट्रस्ट समिति द्वारा संध्या बेला में संगीतमय गंगा आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष परमहंस पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन परंपरा की शुरुआत नेह निधि साकेतवासी श्रीनारायण दास भक्तमाली उपाख्य मामाजी महाराज के सानिध्य में हुई थी। उनके आशीर्वाद से प्रारंभ हुआ यह आध्यात्मिक आयोजन पिछले 21 वर्षों से निरंतर जारी है और आगे भी इसे इसी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ जारी रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि गंगा आरती केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित इस विशेष आरती में पूर्व की भांति जिले में अपनी सेवाएं दे चुके प्रशासनिक पदाधिकारी भी शामिल होंगे। ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि रविवार की संध्या में रामरेखा घाट पर आयोजित होने वाली यह गंगा आरती श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होगी, जहां भक्ति संगीत, दीपों की आभा और गंगा तट की दिव्यता एक अद्भुत वातावरण का सृजन करेगी। समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में रामरेखा घाट पहुंचकर इस पावन अवसर के साक्षी बनने और गंगा आरती में सहभागी होने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here