औद्योगिक थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल बक्सर खबर। औद्योगिक थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। हालांकि, ऐन वक्त पर ग्रामीणों की नजर पड़ जाने के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच मानसिंह पट्टी निवासी अनंत तुरहा की नजर उस पर पड़ी। वह बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास करने लगा।
जिस वक्त आरोपी अपनी घिनौनी करतूत को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था, उसी दौरान वहां से कुछ स्थानीय लोग गुजरे। उनकी नजर युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों का शोर सुनकर आरोपी युवक घबरा गया और बच्ची को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। रोती-बिलखती मासूम ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तत्काल महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी शुरू की और आरोपी अनंत तुरहा को बलिहार गांव के समीप से धर दबोचा। बच्ची के परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


































































































