नौ महीने पहले हुई थी शादी, परिजनों ने की सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग बक्सर खबर। औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच पर अहिरौली गांव के समीप रविवार की रात एक संदिग्ध सड़क दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल स्कूटी सवार युवक को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गगौरा गांव निवासी नीतीश कुमार तिवारी के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और इस मामले को महज सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता अवधेश तिवारी ने बताया कि नितीश अपने पैतृक गांव गगौरा से स्कूटी पर सवार होकर जिला मुख्यालय स्थित अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान काली मंदिर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों का आरोप है कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। बताया जाता है कि नीतीश ट्रांसपोर्टिंग का काम करता था और अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी। उसकी शादी महज नौ महीने पहले ही हुई थी। ऐसे में उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमवार को औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव का पोस्टमार्टम कराया। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
































































































