एमवी कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में एनसीसी कैडेट्स की भूमिका रही सराहनीय बक्सर खबर। शहर के महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के तत्वावधान में स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग द्वारा शनिवार को एक ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी बौद्धिक क्षमता और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष डॉ. सुजित कुमार यादव के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक सह-एनसीसी पदाधिकारी डॉ. योगर्षि राजपूत, डॉ. जय प्रकाश मिश्र, डॉ. इसरार आलम, डॉ. अशोक कुमार यादव तथा डॉ. सीमा कुमारी की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के दौरान एनसीसी कैडेट्स की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने अनुशासन बनाए रखने, कार्यक्रम के सुचारू संचालन और प्रतिभागियों के सहयोग में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे आयोजन व्यवस्थित और सफल रहा। अंत में विभागाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों के बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना का भी विकास करती हैं। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देकर किया गया।


































































































