जनगणना 2027: जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण संपन्न

0
145

02 मई से शुरू होगा मकान गणना का कार्य, 72 फील्ड प्रशिक्षकों ने लिया विशेष प्रशिक्षण                           बक्सर खबर। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस क्रम में 02 मई से 31 मई तक चलने वाले मकान गणना कार्य के सफल संचालन हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से फील्ड प्रशिक्षकों का जिला स्तर पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण दो चरणों में संपन्न हुआ। पहला चरण 23 से 25 मार्च तक तथा दूसरा चरण 26 से 28 मार्च तक आयोजित किया गया। इसमें जिले के 11 प्रखंडों एवं 5 नगर निकायों से नामित कुल 72 फील्ड प्रशिक्षकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण डीआरडीए निदेशक अरविंद कुमार सिंह एवं सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी इटाढ़ी हेमंत कुमार चौबे द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक के रूप में जनगणना कार्य निदेशालय, पटना द्वारा जनार्दन प्रसाद राय को प्रतिनियुक्त किया गया था। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला जनगणना कोषांग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

इस दौरान अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने फील्ड प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षकों द्वारा दी गई प्रतिक्रिया से वे संतुष्ट नजर आए। फील्ड प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण के उपरांत अब प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को चार्ज स्तर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 06 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच अधिकतम चार बैचों में आयोजित किया जाएगा। जनगणना प्रक्रिया में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 17 अप्रैल से स्व-गणना पोर्टल प्रारंभ किया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी गणना कर सकेंगे। स्व-गणना की यह प्रक्रिया 01 मई तक जारी रहेगी। प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here