जिले का मान बढ़ाने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान

0
170

-दिव्यांग विनीता को प्रशासन ने किया पुरस्कृत
-क्यूं भूल रही, तू दुर्गा है तू काली, पर क्यूं तु सीता है कि लक्ष्मण करें तेरी रखवाली : डीएम की रचना 
बक्सर खबर। अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर समाहरणालय सभागार में यादगार कार्यक्रम हुआ। अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान करने वाली महिलाओं और खिलाडिय़ों एवं महिला पदाधिकारियों ने प्रशासन ने पुरस्कृत किया। इस दौरान दिव्यांग विनीता ने जिलाधिकारी को अपनी बनायी कलाकृति उपहार स्वरुप दी। प्रशासन ने भी इस होनहार कलाकार को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने केक काट इस शानदार समारोह का आगाज किया। इस दौरान जिलाधिकारी अमन समीर ने स्वलिखित रचना “किस्मतों के रंगों को रूह का सहारा दे दे, पिंजरे की बंदिशों को मन की उड़ान दे दे, क्यूँ तू भूल रही, तू दुर्गा तु काली, पर क्यूँ तु सीता है कि लक्ष्मण करे तेरी रखवाली।” सुनायी। उनकी इस रचना की सबने प्रशंसा की।

-जिलाधिकारी को उनकी तस्वीर भेंट करती दिव्यांग विनीता राय

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नारी को रूढि़वादिता सोच से बाहर निकलने की आवश्यकता है। नारी जितनी अधिक शिक्षित होगी उतनी ही मुखर होगी। उन्होंने कहा कि आज समय बदल चुका है, महिलाएं हर क्षेत्र में पुरूषों से कंधा से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। आज की महिला किसी भी मायने में पुरूषों से कमतर नहीं आंकी जा सकती हैं। प्रशासन, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, वकालत, सेना के तीनों विंग, खेल, पत्रकारिता, सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में, राजनीतिक नेतृत्वकर्ता आदि जैसी अनेकोनेक विधाओं में महिलाओं ने अपनी श्रेष्ठता कायम की है। आधी आबादी अब उड़ान भरने को तैयार है। यह समाज के लिए सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है।

महिला दिवस का केक काटती महिलाएं

उन्होंने बताया बक्सर में सखी वन स्टॉप सेन्टर सह महिला हेल्पलाईन के संचालित होने की जानकारी दी गई। बताया गया कि महिला हेल्पलाइन का दायित्व विभिन्न प्रकार की प्रताडऩाओं एवं अत्याचार से पीडि़त महिलाओं को राहत पहुंचा कर उनके पुनर्वास की सुविधा प्रदान करना है। आज के समारोह में हॉकी की अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी पूजा कुमारी, बुशु की राष्ट्रीय खिलाड़ी नेहा कुमारी, कबड्ढी की खिलाड़ी एवं एन0सी0सी0 कैटेड मोहनी कुमारी, हॉकी की नेशनल खिलाड़ी प्रांजल सिंह, कबड्ढी की खिलाड़ी सुमन एवं दिव्यांग कलाकार (पेन्टिंग) विनीता राय को सम्मानित किया गया। तीन तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समारोह में एसपी नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त योगेश कुमार सागर, अपर समाहर्ता-सह-लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बक्सर, स्थापना उप समाहर्ता बक्सर, नजारत उप समाहर्ता बक्सर, निदेशक डी0आर0डी0ए0, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग पदाधिकारी, महिला हेल्पलाइन केन्द्र प्रशासक एवं समाहरणालय सवंर्ग के कर्मीगण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here