ग्लोबल विजडम स्कूल में चार दिवसीय समर कैंप का शानदार समापन बक्सर खबर। शहर के इटाढ़ी रोड स्थित रेलवे गुमटी के समीप संचालित ग्लोबल विजडम स्कूल में मंगलवार को चार दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का सफल समापन हो गया। समर कैंप में पीजी से कक्षा दो तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे शिविर के दौरान बच्चों को खेल, कला, शिक्षा और मनोरंजन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया। शिविर के प्रथम दिन घुड़सवारी, कविता पाठ, बिना आग के खाना बनाना, चित्रकला, हस्तशिल्प और लैब एक्टिविटी का आयोजन किया गया। बच्चों ने रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दूसरे दिन पीटी, लूडो, कैरम, पौधारोपण, कहानी वाचन, शतरंज और बैडमिंटन जैसी गतिविधियां कराई गईं। इससे बच्चों में खेल भावना और टीमवर्क की भावना विकसित हुई।
तीसरे दिन स्विमिंग पूल पार्टी, खेलकूद, नृत्य एवं संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिविर के अंतिम दिन फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, मूवी शो और फूड पार्टी आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें खेल और रचनात्मक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना था। शिविर के दौरान विद्यालय के निदेशक प्रकाश पाण्डेय भी मौजूद रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि समर कैंप बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने का बेहतर माध्यम है। ऐसे आयोजन से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पढ़ाई के साथ खेल व रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या निशा राय एवं शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


































































































