वट सावित्री पूजा में महिला बनी चेन स्नैचरों का शिकार, 15 ग्राम सोने का हार गायब

0
251

भीड़ का फायदा उठाकर शातिर महिला फरार, दो दिन पहले ही महिला चेन स्नैचर गिरोह का हुआ था खुलासा                                                                   बक्सर खबर। वट सावित्री पूजा के दौरान शनिवार को शहर के सिद्धनाथ घाट पर एक महिला चेन स्नैचरों का शिकार हो गई। भीड़भाड़ के बीच शातिर महिला ने उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट गायब कर दिया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़िता की पहचान सिविल लाइंस निवासी मनोज कुमार शर्मा की पत्नी बबीता देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह वट सावित्री पूजा और अनुष्ठान के लिए सिद्धनाथ घाट गई थीं। सुबह से घाट पर पूजा करने वाली महिलाओं की भारी भीड़ जुटी हुई थी। बबीता देवी ने बताया कि पूजा के दौरान किसी महिला ने बेहद सफाई से उनके गले से करीब 15 ग्राम का सोने का हार उड़ा लिया।

उन्हें इसकी जानकारी तब हुई, जब पूजा समाप्त होने के बाद उन्होंने गले में हाथ लगाया। तब तक आरोपी महिला भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो चुकी थी। घटना के बाद घाट पर मौजूद महिलाओं में भी दहशत का माहौल दिखा। कई महिलाओं ने भीड़ में सक्रिय महिला चोर गिरोह की आशंका जताई। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय महिला चेन स्नैचर गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस दौरान तीन शातिर महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बावजूद शहर में महिला चोरों की सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़िता के पति मनोज कुमार शर्मा एलआईसी में चेयरमैन क्लब के सदस्य बताए जाते हैं। घटना के समय वह अपने कार्य से बाहर थे। उन्होंने बताया कि देर शाम लौटने के बाद संबंधित थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here