सिंगल शॉट वैक्सीन से आजीवन सुरक्षा का संदेश, 24 मई को फिर लगेगा शिविर बक्सर खबर। शहर के चीनी मिल मोहल्ला स्थित साबित खिदमत अस्पताल में सोमवार को रोटरी क्लब जिला इकाई द्वारा पीपीएच कैंप के तहत सर्वाइकल वैक्सीनेशन सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने की। इस दौरान दर्जनों महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगाया गया और जागरूकता फैलायी गई। बताया गया कि रोटरी क्लब द्वारा इस अभियान की नींव नवंबर माह में स्क्रीनिंग के माध्यम से रखी गई थी। अब टीकाकरण के जरिए इसे व्यापक रूप दिया जा रहा है। शिविर में 13 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को लक्षित करते हुए वैक्सीनेशन किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि यह सिंगल शॉट टीकाकरण है, जो जीवनभर के लिए गर्भाशय कैंसर से सुरक्षा प्रदान करता है।
इस मौके पर डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव पूरी तरह संभव है, जरूरत है समय पर जागरूकता और टीकाकरण की। हमारा प्रयास है कि हर लड़की और महिला तक यह सुरक्षा कवच पहुंचे, ताकि भविष्य में इस गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सके। उन्होंने सरकार की मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल स्तर से ही बच्चियों को टीका लगाने की पहल सराहनीय है। रोटरी क्लब इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए समाज के हर वर्ग तक इस अभियान को पहुंचाने का काम कर रहा है। कार्यक्रम में अस्पताल के आरएमओ डॉ. मनीष कुमार, अरुण कुमार सिंह, अरुण कुमार, राहुल कुमार, रोटरी सचिव एसएम साहिल, साबित रोहतास्वी और डॉ. खालिद रजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रोटरी क्लब ने घोषणा की कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। अगला शिविर 24 मई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्लब के सदस्यों के साथ-साथ शहर के सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।































































































