साइकिल में टक्कर मारने का विरोध करने पर दोनों भाइयों ने दी धमकी, जांच में जुटी पुलिस बक्सर खबर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा 15 मई को डुमरांव से पढ़ाई कर साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान कठार रोड के समीप एक युवक ने अपनी गाड़ी से उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी युवक ने उसके साथ मारपीट कर दी। घटना में छात्रा घायल हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे धमकी देते हुए कहा कि जहां शिकायत करनी है कर लो। इसके बाद आरोपी का बड़ा भाई भी फोन के माध्यम से मामले को दबाने और केस नहीं करने का दबाव बनाने लगा। छात्रा ने आरोप लगाया कि उसे लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। आने-जाने के दौरान पीछा कर भय का माहौल भी बनाया जा रहा है। घटना के बाद छात्रा परिजनों के साथ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अरक पश्चिम टोला गांव निवासी विक्की सिंह एवं उसके बड़े भाई के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

































































































