गार्डन ऑफ गॉड स्कूल में 200 छात्रों व 25 शिक्षकों को दी गई सीपीआर की ट्रेनिंग बक्सर खबर। रोटरी क्लब द्वारा पीपीएच कैंप के तहत जिले में चलाए जा रहे हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम के अंतर्गत बुधवार को शहर के गोलंबर स्थित गार्डन ऑफ गॉड स्कूल में सीपीआर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 200 छात्र-छात्राओं और 25 शिक्षकों को जीवनरक्षक तकनीक की व्यावहारिक जानकारी दी गई। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष व जिले के प्रख्यात फिजिशियन डॉ. दिलशाद आलम ने सीपीआर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए दिल का दौरा पड़ने की स्थिति में तुरंत पहचान और प्राथमिक उपचार के तरीकों को सरल और सहज भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि सीपीआर एक ऐसी जीवनरक्षक तकनीक है, जिसे हर व्यक्ति को जानना चाहिए। सही समय पर दिया गया सीपीआर किसी भी व्यक्ति की जान बचा सकता है और यह समाज के हर वर्ग के लिए अत्यंत जरूरी कौशल है।
स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में डेंटल सर्जन डॉ. खालिद ने छात्रों को ओरल हेल्थ के महत्व और दांतों की देखभाल के सही तरीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। स्कूल की प्रिंसिपल शारदा सिन्हा ने रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सीपीआर प्रशिक्षण आज के समय में अत्यंत आवश्यक है और छात्रों को इस तरह की व्यावहारिक जानकारी मिलना उनके भविष्य के लिए लाभकारी है। उन्होंने सभी अतिथियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सचिव एसएम साहिल, आगामी सत्र के लिए निर्वाचित अध्यक्ष व शिक्षाविद् निर्मल कुमार सिंह, रोट्रैक्ट सदस्य राहुल कुमार, मनीष कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।































































































