——-एमपी हाई स्कूल में साइबर थाना की टीम ने 11 प्रकार के साइबर अपराधों से बचने के लिए दी विस्तृत जानकारी बक्सर खबर। स्थानीय एमपी हाई स्कूल में गुरुवार को साइबर थाना की ओर से साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध की विभिन्न घटनाओं और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अरविन्द कुमार ने की। इस दौरान साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष अविनाश कुमार कश्यप एवं पुलिस अवर निरीक्षक अनुपम कुमारी ने छात्रों को साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को झांसे में लेकर ठगी, ब्लैकमेलिंग और आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। छात्रों को डिजिटल गिरफ्तारी ठगी, ओटीपी ठगी, आर्थिक ठगी, अश्लील ब्लैकमेलिंग, आधार ठगी, ऑनलाइन गेम ठगी, घर बैठे नौकरी ठगी, टेलीग्राम ठगी, फिशिंग लिंक ठगी, सोशल मीडिया ठगी और म्यूल अकाउंट ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यशाला में सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार और डिजिटल सुरक्षा के नियम भी समझाए गए। छात्रों को संदिग्ध लिंक से बचने, किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई। साइबर सेल के अधिकारियों ने विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा से संबंधित पुस्तक भी भेंट की। प्राचार्य अरविन्द कुमार ने भी छात्रों को जागरूक रहने और सतर्कता बरतने की अपील की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। मौके पर शिक्षक अनूप कुमार, रजनीश पाठक, प्रियंका चौबे, स्मिता कुमारी, रूबी कुमारी, अनु कुमारी, संगीता तिवारी और रोशनी सिंह समेत अन्य शिक्षक उपस्थित थे।

































































































