बिहार सेंट्रल स्कूल में हुआ भव्य समारोह, छात्रों को दिया सफलता का मंत्र बक्सर खबर। यूपीएससी आईएफओएस परीक्षा में देशभर में 79वीं रैंक हासिल करने वाले शहर के अंबेडकर चौक निवासी प्रित्येश राज का शनिवार को बिहार सेंट्रल स्कूल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बाईपास रोड स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने प्रित्येश राज का गर्मजोशी से स्वागत किया। विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान छात्रों और शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया। सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राएं प्रित्येश राज से मिलने और उनकी सफलता की कहानी जानने को उत्सुक दिखे।
कार्यक्रम में प्रित्येश राज ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के टिप्स साझा किए। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य तय करना, नियमित पढ़ाई और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय सेल्फ स्टडी को देते हुए कहा कि यदि छात्र अनुशासन के साथ निरंतर अध्ययन करें तो किसी भी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। विद्यार्थियों ने उनसे पढ़ाई, समय प्रबंधन और संघर्ष से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया।प्रित्येश राज ने अपने संघर्ष और मेहनत के अनुभव साझा करते हुए छात्रों को भविष्य में अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
































































































