एनएच पर आमने-सामने भिड़ीं दोनों बाइकें को पुलिस ने जब्त कर शुरू की जांच बक्सर खबर। डुमरांव-बिक्रमगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर रविवार की दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोरान सराय स्थित सीएसपी पेट्रोल पंप के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोरान सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की पहचान वासुदेवा थाना क्षेत्र के आथर गांव निवासी 60 वर्षीय मुसाफिर राय, सिमरी थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर निवासी 18 वर्षीय धनजी कुमार तथा नवानगर थाना क्षेत्र के बड़की भरौली गांव निवासी 21 वर्षीय गायत्री राय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि धनजी कुमार और गायत्री राय एक ही बाइक पर सवार थे। वहीं दूसरी बाइक मुसाफिर राय चला रहे थे। दुर्घटना में युवक और युवती को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं मुसाफिर राय का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

































































































