डीटीओ दफ्तर में शराब मिलने पर भड़के पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी

0
0

कार्यालय सील करने और सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ दोषियों की गिरफ्तारी की मांग                            बक्सर खबर। जिला परिवहन कार्यालय में शराब बरामदगी मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बक्सर सदर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी समेत संबंधित कर्मियों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शुक्रवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून का सरकारी विभागों में ही माखौल उड़ाया जा रहा है। इससे राज्य की छवि राष्ट्रीय स्तर पर खराब हो रही है। पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि 14 मई को जिला परिवहन कार्यालय में शराब बरामदगी की खबर विभिन्न मीडिया माध्यमों में प्रकाशित हुई। ऐसे में सरकार को तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि डीटीओ कार्यालय के संबंधित कमरे को तत्काल सील किया जाए, ताकि सबूतों से छेड़छाड़ न हो सके। साथ ही कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज को जांच का हिस्सा बनाने की भी मांग की गई। मुन्ना तिवारी ने आरोप लगाया कि मामले की लीपापोती की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से एफआईआर की प्रतिलिपि मांगने पर भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कहा कि सीमावर्ती जिलों में शराब तस्करी रोकने के लिए सरकार को कड़ा संदेश देना चाहिए।

इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक, मद्य निषेध विभाग के सचिव, पटना प्रमंडल के आईजी, शाहाबाद डीआईजी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है। संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, नीलू मिश्र, राहुल शर्मा, शुभम तिवारी और नितेश कुमार समेत कई नेता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here