दोस्तों के साथ घूमने निकला था कक्षा तीन का छात्र, त्रिमुहानी घाट पर हुआ हादसा बक्सर खबर। शहर के त्रिमुहानी घाट पर शनिवार की शाम गंगा नदी में डूबने से नौ वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार कोईरपुरवा मोहल्ला स्थित ईसाई कब्रिस्तान के समीप रहने वाले छोटेलाल का पुत्र बिट्टू कुमार शनिवार की दोपहर घर और आसपास के कुछ बच्चों के साथ घूमने के लिए निकला था। बताया जाता है कि सभी बच्चे खेलते-खेलते त्रिमुहानी घाट पहुंच गए। इसी दौरान गंगा नदी में नहाने अथवा किनारे खेलने के क्रम में बिट्टू गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
शाम करीब चार बजे आसपास मौजूद लोगों और बच्चों के माध्यम से घटना की सूचना परिजनों को मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में घाट पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल ले गए। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि बिट्टू कुमार पुराना बस स्टैंड स्थित सरकारी विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। सेकेंड शनिवार होने के कारण स्कूल बंद था, जिस वजह से वह दोस्तों के साथ घूमने निकल गया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सैर उसके जीवन की आखिरी यात्रा बन जाएगी। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विनोद माली भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी है।

































































































