कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद, 9वीं से 12वीं का समय बदला

0
1335

कोचिंग और आंगनबाड़ी पर भी पाबंदी, हाई स्कूल-इंटर की कक्षाएं अब सिर्फ सुबह 11 बजे तक ही चलेंगी                                            बक्सर खबर। जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान, भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। जिला दंडाधिकारी साहिला ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत जिले के सभी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर नया आदेश जारी किया है। यह आदेश आज, यानी 19 मई से लागू होकर आगामी 31 मई तक प्रभावी रहेगा। बढ़ती धूप और गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 01 से लेकर कक्षा 08 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया है। यह नियम सभी सरकारी स्कूलों, प्राइवेट स्कूलों, प्री-स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों पर समान रूप से लागू होगा।

कक्षा 8 से ऊपर यानी कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं पूरी तरह बंद नहीं रहेंगी, लेकिन उनके समय में भारी कटौती की गई है। आदेश के मुताबिक, हाई स्कूल और इंटरमीडिएट स्तर की सभी कक्षाएं अब पूर्वाह्न 11 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी। 11 बजे के बाद किसी भी सूरत में स्कूल खुला रखने की अनुमति नहीं होगी। इससे पहले प्रशासन ने दोपहर 11:30 बजे के बाद स्कूलों पर रोक लगाई थी। लेकिन मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में जिले के तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला दंडाधिकारी ने नियमों को और सख्त करते हुए नया आदेश जारी किया है। जिला प्रशासन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और पुलिस महकमे को निर्देश दिया है कि इस आदेश का सभी स्कूलों में सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here