चेकपोस्ट को चकमा देकर घुसा 12 चक्का ट्रक, भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

0
221

दानी कुटिया के पास लावारिस मिला ट्रक, 791 लीटर से अधिक शराब जब्त                                                  बक्सर खबर। बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद अवैध शराब तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस और उत्पाद विभाग की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। सोमवार की सुबह जिले में चल रहे जांच अभियानों के दावों की पोल उस वक्त खुल गई, जब चेकपोस्ट को चकमा देकर शराब से लदी एक ट्रक शहर में प्रवेश कर गई। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश से बक्सर को जोड़ने वाले विभिन्न मार्गों पर सख्त जांच के दावे के बीच एक 12 चक्का ट्रक (संख्या- यूपी 65 डीटी 2377) बक्सर-चौसा मार्ग पर दानी कुटिया के समीप लावारिस और संदिग्ध अवस्था में खड़ी पाई गई। उत्पाद विभाग के गुप्तचर की सूचना पर सुबह करीब 5 बजे उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के निर्देश पर उत्पाद इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की।

जांच के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी और देसी शराब बरामद की गई। टीम ने ट्रक से 8 पीएम व्हिस्की के 1248 पीस और ऑफिसर चॉइस व्हिस्की के 1248 पीस जब्त किए, जिसकी कुल मात्रा 449.280 लीटर आंकी गई। इसके अलावा दबंग ब्रांड की देसी शराब के 1710 पीस भी बरामद हुए, जिसकी मात्रा 342 लीटर बताई गई। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि छापेमारी के समय ट्रक के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। उत्पाद अधिनियम के तहत ट्रक और शराब को जब्त कर लिया गया है तथा ट्रक मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि दानी कुटिया से कृतपुरा के बीच का इलाका पहले भी शराब तस्करी के लिए चर्चित रहा है। तस्कर अक्सर ट्रकों से शराब उतारकर छोटी गाड़ियों के जरिए सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाते हैं। वर्ष 2025 में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जब एक लग्जरी कार के माध्यम से ट्रक से शराब की ढुलाई की जा रही थी। उस दौरान पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब बरामद की थी, हालांकि कई संदिग्ध सफेदपोश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here