अर्जुनपुर गंगा घाट पर हादसा, परिजनों में मचा कोहराम बक्सर खबर। औद्योगिक थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गंगा घाट पर शनिवार को गंगा स्नान के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर के डूब जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुनपुर निवासी जितेंद्र राय का 16 वर्षीय पुत्र अक्षित राय उर्फ छोटू अपने दोस्तों के साथ सुबह गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में लापता हो गया।
किशोर के डूबते ही उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलने पर औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और खोजबीन शुरू कराई। पुलिस ने एसडीआरएफ तथा गोताखोरों को सूचना देकर किशोर की तलाश शुरू कराई है। समाचार लिखे जाने तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका था। गंगा नदी में लगातार खोज अभियान जारी था।































































































