समीक्षा बैठक में दोटूक: सहयोग पोर्टल पर रोज देखें अपनी लॉगिन आईडी, आवेदकों को न हो परेशानी बक्सर खबर। जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में सहयोग पोर्टल एवं विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का अधिकतम पांच दिनों के भीतर निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आवेदनों को लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। बैठक में अधिकारियों को अपनी लॉगिन आईडी पर प्राप्त आवेदनों की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। साथ ही समय पर उनका निष्पादन करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि कोई आवेदन संबंधित विभाग से जुड़ा नहीं है तो उसे प्राप्ति के दिन ही संबंधित विभाग को अग्रसारित किया जाए। इससे आवेदकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि पोर्टल संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी से संपर्क कर उसका तत्काल समाधान कराया जाए। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आगामी सहयोग शिविर के सफल आयोजन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाई जाए। उन्होंने प्रखंड स्तर पर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के साथ बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग पोर्टल सरकार और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी अधिकारी इसकी शिकायतों और आवेदनों का गंभीरता से निपटारा करें।






























































































