लूटा गया मोबाइल बरामद, एक नाबालिग भी शामिल बक्सर खबर। सोनवर्षा थाना क्षेत्र में राहगीर से मोबाइल और नकदी लूटने के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 जनवरी की शाम करीब साढ़े छह बजे गिरिधर बरांव निवासी राहुल कुमार बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात अपराधियों ने चाकू दिखाकर उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन और नकदी छीन ली और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सोनवर्षा थाना में कांड संख्या-10/26 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों ने पूछताछ में लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरिधर बरांव निवासी रितेश कुमार, भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार निवासी विनय प्रकाश सिंह, गिरिधर बरांव निवासी मिथुन कुमार तथा एक विधि विरुद्ध बालक शामिल है।
मामले की जानकारी डुमरांव अनुमंडल कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने दी। छापेमारी अभियान में सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रामजीत कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।






























































































