स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में हुआ आयोजन, प्राचार्य ने सराहा बक्सर खबर। शहर के महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए सोमवार को महाविद्यालय परिसर में पूर्व निर्धारित क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों और सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। क्विज प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना को विकसित करना था। प्रतियोगिता वीक्षकों की निगरानी में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। वीक्षक के रूप में डॉ. अर्चना मिश्रा, डॉ. जयप्रकाश मिश्रा, डॉ. प्रीति मौर्या, डॉ. प्रियरंजन चौबे, डॉ. इशरार आलम और डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कृष्णा कान्त सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि ऐसी शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। प्रतियोगिता में छात्रों की अच्छी उपस्थिति महाविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में बढ़ते कदम का परिचायक है। वहीं आयोजक स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विरेन्द्र कुमार ने कहा कि क्विज प्रतियोगिता छात्रों के ज्ञान को परखने और उसे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है, जिससे विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि भी बढ़ती है। सहायक प्राध्यापक डॉ. नवीन शंकर पाठक ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को बौद्धिक रूप से समृद्ध करने के साथ-साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी प्रेरित करते हैं। छात्रों की सक्रिय भागीदारी इस कार्यक्रम की सफलता को दर्शाती है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार ने स्नातकोत्तर इतिहास विभाग की सराहना की तथा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





























































































