21 सदस्यीय नगर कमेटी का गठन कर संघर्ष तेज करने का लिया संकल्प बक्सर खबर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) का तीसरा नगर स्तरीय सम्मेलन सोमवार को डुमरांव में आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी संगठन को मजबूत करने, नगर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क बढ़ाने तथा गरीबों, मजदूरों और किसानों के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया। सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से 21 सदस्यीय नगर कमेटी का गठन किया गया, जिसमें कृष्णा राम को नगर सचिव चुना गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पार्टी के केंद्रीय कमिटी सदस्य सह जिला सचिव कॉमरेड नवीन ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश की राजनीति कई चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और संविधान की रक्षा के लिए जनसंगठनों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठित संघर्ष ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
कॉमरेड नवीन ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि पार्टी के सिद्धांतों और जनहित के मुद्दों को लेकर वार्ड-वार्ड तक पहुंच बनानी होगी। गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके अधिकारों के लिए निरंतर आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत संगठन की मजबूती होती है। सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी दिनों में गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी। इस मौके पर पार्टी के प्रखंड सचिव धर्मेन्द्र यादव, पर्यवेक्षक ललन राम, अतिथि के रूप में कन्हैया राम, मानरूप जी, प्रभात कुमार, भगवान दास, शंकर तिवारी, सुरेश राम, छविनाथ पासवान, बुधिया देवी, कन्हैया चौधरी, बाबूलाल राम, सर्वेश पाण्डेय, जाबिर कुरैशी, रूबी शर्मा, पूजा कुमारी, ओमप्रकाश पाल, नरेंद्र कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





























































































