पेयजल संकट, फॉगिंग और पिंक टॉयलेट निर्माण की हुई समीक्षा बक्सर खबर। मानसून की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में नगर परिषदों और नगर पंचायतों की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल, स्वच्छता और शहरी विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में डीएम ने सभी नगर निकायों को नालों की सफाई समय पर पूरी करने और जलजमाव रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। पेयजल संकट की आशंका को देखते हुए सभी चापाकलों को चालू रखने तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नियमित एंटी लार्वा दवा के छिड़काव का भी निर्देश दिया गया। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शहरों में कचरा संग्रहण स्थलों की संख्या शून्य करने तथा पिंक टॉयलेट निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। नगर परिषद को शहर और रामरेखा घाट में सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्रवाई तेज करने को कहा गया। वहीं बुडको द्वारा निर्माणाधीन मोक्षधाम परियोजना को तय समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। शहरों में व्यवस्थित कारोबार को बढ़ावा देने के लिए मांस, फल और सब्जी विक्रेताओं के लिए अलग वेंडिंग जोन तथा फूड कोर्ट विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के लिए पिंक बस संचालन का प्रस्ताव तैयार करने पर विचार किया गया। आगामी श्रावणी मेले को देखते हुए नगर पंचायत ब्रह्मपुर को मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सभी नगर निकायों को अपने क्षेत्र के पोखरों के सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार कर काम शुरू करने को कहा गया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।






























































































