वैकल्पिक व्यवस्था व रेलवे फाटक नहीं खुलने पर जनआंदोलन की चेतावनी बक्सर खबर। इटाढ़ी रेलवे गुमटी को आम लोगों के आवागमन के लिए तत्काल खोलने की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में ज्योति प्रकाश चौक से समाहरणालय तक मार्च निकाला गया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्टेशन रोड, अंबेडकर चौक और कलेक्ट्रेट रोड होते हुए समाहरणालय पहुंचकर जनहित में रेलवे गुमटी खोलने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 31 मई को रेलवे ने इटाढ़ी रेलवे गुमटी का फाटक स्थायी रूप से बंद कर दिया था। इसके अगले दिन रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने पुल पर आवागमन रोक दिया। दोनों मार्ग बंद होने से इटाढ़ी और राजपुर प्रखंड के दर्जनों गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।
ज्ञापन में कहा गया है कि आरओबी की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराया जाए। जल्दबाजी में किया गया निर्माण भविष्य में खतरा पैदा कर सकता है। इसलिए पुल निर्माण में मजबूती और गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जाए। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि जब तक आरओबी का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक लोगों की सुविधा के लिए इटाढ़ी रेलवे गुमटी को तत्काल खोला जाए। नेताओं का कहना था कि फाटक बंद रहने से मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और नौकरी पेशा लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। जिलाध्यक्ष पंकज कुमार उपाध्याय ने कहा कि प्रशासन को आम जनता की समस्या को देखते हुए जल्द निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई और रेलवे फाटक नहीं खोला गया तो कांग्रेस व्यापक लोकतांत्रिक जनआंदोलन चलाएगी। प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडेय, उमाशंकर पांडेय, महिला जिलाध्यक्ष निर्मला देवी, लक्ष्मण उपाध्याय, राजा तिवारी, शिवाकांत मिश्रा, हरिशंकर त्रिवेदी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।































































































