जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, जीर्णोद्धार की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश बक्सर खबर। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने ब्रह्मपुर प्रखंड की योगियां पंचायत स्थित ऐतिहासिक कृतसागर तालाब का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तालाब के जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास की संभावनाओं की समीक्षा की गई। लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि कृतसागर तालाब का क्षेत्रफल लगभग 12.50 एकड़ है। इसके जीर्णोद्धार के लिए डीपीआर तैयार कर विभाग को भेजा जा चुका है। योजना को तकनीकी स्वीकृति भी मिल चुकी है।प्रस्तावित योजना के तहत तालाब में 1.30 लाख घनमीटर से अधिक मिट्टी की खुदाई की जाएगी।
साथ ही एक इनलेट और दो आउटलेट का निर्माण भी कराया जाएगा। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू होगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन पदाधिकारी को तालाब क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस स्थल को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल की जाए। जिलाधिकारी ने ब्रह्मपुर सीओ को तालाब के आसपास की सरकारी भूमि की मापी और सीमांकन कराने का निर्देश भी दिया। इसकी रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही सभी कार्यों की नियमित निगरानी के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।






























































































