-सीएस ने दिए जांच के आदेश, रेडक्रास की समय सीमा समाप्त
बक्सर खबर। ब्लड बैंक में सबकुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। रक्तदान करने वालों की डेटा इंट्री में भी लापरवाही सामने आई है। जैसे अगर संग्रहण 10 को हुआ तो उसका डाटा 11 को दर्ज किया गया है। अगर किसी मरीज के नाम पर रक्त का उठाव 6 को दिखाया गया है तो उसके सहमति फार्म पर तिथि 7 दर्ज है। इस तरह की कमियां पकड़ में आई हैं। इस मामले से पर्दा तब उठा जब सदर विधायक ने पिछले दिनों सदर अस्पताल में चल रहे ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। विधायक के संज्ञान के बाद सिविल सर्जन ने इसकी जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है।
सूचना के अनुसार इस ब्लड बैंक का संचालन रेडक्रॉस के जिम्मे है। लेकिन, उसके अनुबंध की सीमा 31 मार्च 2026 को ही समाप्त है। बावजूद इसके संचालन पूर्व की तरह की हो रहा है। इस दिशा में आगे क्या कार्रवाई हुई। यह सवाल भी उठ रहा है। दूसरे जितने कर्मियों और चिकित्सक की तैनाती होनी चाहिए। वह भी नियमानुसार पर्याप्त नहीं है। यह तमाम सवाल स्वास्थ्य विभाग को कठघरे में खड़े करने वाले हैं। जिला प्रशासन, जिला स्वास्थ्य समिति और ब्लड बैंक की प्रबंधन समिति को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। और जिन जिम्मेवार लोगों की लापरवाही व्यवस्था को कमजोर करने वाली है। उनको भी इसके लिए उचित फटकार लगनी चाहिए। हालांकि यह गोलमाल शहर में खुले नए नए ब्लड़ बैकों के बाद सामने आई है। उस तरफ भी ध्यान देना जरुरी है।































































































