30 नवंबर तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश, कार्यक्रम में विधायक और डीएम रहे मौजूद बक्सर खबर। नई सरकार के गठन के 60 दिन पूरे होने के अवसर पर रविवार को ऊर्जा विभाग की ओर से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पटना स्थित विद्युत भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया। जिले में आयोजित कार्यक्रम में राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, सदर विधायक आनंद मिश्र, जिलाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि समेत कई प्रशासनिक एवं विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र बीपीएल एवं कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सरकार की ओर से मुफ्त 1.1 किलोवाट क्षमता का सौर संयंत्र लगाया जाएगा। जिले के लिए 4129 उपभोक्ताओं के घरों पर सौर संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।































































































