सीसीटीवी पर स्प्रे कर गैस कटर से वारदात को दिया अंजाम, थाने से चंद कदम दूर हुई घटना बक्सर खबर। जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से बीती रात लाखों रुपये की चोरी कर ली गई। वारदात थाना से चंद कदम की दूरी पर हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच अज्ञात अपराधी एटीएम केंद्र पर पहुंचे। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने सबसे पहले एटीएम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया।
इसके बाद अपराधियों ने गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटा। मशीन के कैश बॉक्स में रखी नकदी निकालकर वे फरार हो गए। बताया जाता है कि रात करीब 2:20 बजे बैंक का सुरक्षा अलार्म सक्रिय हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे। घटना की सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने एटीएम केंद्र को सील कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से पुलिस ने एक चादर बरामद की है। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। बैंक अधिकारियों द्वारा चोरी गई राशि का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी की रकम लाखों रुपये में हो सकती है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन अपराधी पहले ही फरार हो चुके थे। मामले की गहन जांच की जा रही है।






























































































