आइसा-आरवाईए ने धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई, जताया आक्रोश बक्सर खबर। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में मंगलवार को ब्रह्मपुर प्रखंड के बगेन में आइसा और आरवाईए के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला दहन किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध सभा भी आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन आइसा छात्र नेता विवेक कुमार ने किया, जबकि अध्यक्षता आरवाईए नेता मुकेश कुमार राम ने की। वक्ताओं ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितता और पेपर लीक की घटनाओं से छात्र-युवा वर्ग गहरे संकट में है। सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेता पवन कुमार भारती ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। इसके कारण छात्रों और अभ्यर्थियों में भारी निराशा है।वक्ताओं ने कहा कि बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के मुद्दे पर देशभर में आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान को इन मामलों के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पुतला दहन कार्यक्रम में साहिल, कृष्णा, प्रदीप, सूरज, भरत, समीर, अमित, विकास, पुतुल, राहुल, ब्रजेश, लालू, पंकज, मनीष सहित दर्जनों छात्र-युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






























































































