रोजगार मेला: जेबिल सर्किट इंडिया में 300 पदों पर होगी सीधी भर्ती

0
345

18 मार्च को महिला आईटीआई परिसर में लगेगा शिविर, पुणे में कार्यस्थल, चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क                       बक्सर खबर। शहर के राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 18 मार्च को एक दिवसीय रोजगार चयन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विभाग के तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी जेबिल सर्किट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को आमंत्रित किया गया है। संस्थान के प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने बताया कि यह रोजगार चयन शिविर पूरी तरह निःशुल्क होगा। शिविर के माध्यम से कंपनी द्वारा कुल 300 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को असेंबली लाइन ऑपरेटर एवं क्वालिटी चेकर के पद पर नियुक्ति दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता के रूप में मैट्रिक, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा तथा स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों का कार्यस्थल महाराष्ट्र के पुणे जिले के राजनगांव क्षेत्र में होगा तथा प्रारंभिक वेतनमान लगभग 21,500 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) निर्धारित किया गया है। प्राचार्य ने बताया कि यह अवसर पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध है। इच्छुक उम्मीदवार 18 मार्च को सुबह 10 बजे तक शहर के राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। चयन शिविर में भाग लेने के लिए अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बायोडाटा, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की प्रतियां साथ लेकर आएं, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here